सामान्य > अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन

अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन को सदैव प्राथमिकता प्रदान की गई है. राजभाषा कार्यान्वयन प्रभाग, केंद्रीय कार्यालय, मुंबई राजभाषा के सुचारु संचालन के लिए प्रत्येक संभावनाओं को तलाशते रहती है. केंद्रीय कार्यालय, मुंबई द्वारा अंचल कार्यालयों, क्षेत्रीय कार्यालयों, यूनियन बैंक ज्ञान केंद्र तथा ज़ेडएलसी में पदस्थ बैंक के राजभाषा अधिकारियों के लिए अर्धवार्षिक एवं वार्षिक समीक्षा बैठक तथा यूनियन धारा एवं यूनियन सृजन संवाददाता समीक्षा बैठक सह सम्मेलन का आयोजन किया जाता है.

अंचल कार्यालय स्तर पर अंचलाधीन क्षेत्रीय कार्यालयों हेतु अर्धवार्षिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया जाता है. जिसका मुख्य उद्देश्य राजभाषा का कार्यान्वयन तथा राजभाषा कार्यान्वयन में आने वाली समस्याओं का हल निकालना तथा वार्षिक कार्यक्रम में प्रदत्त लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करना है.

अखिल भारतीय राजभाषा समीक्षा बैठक -2025

यूनियन बैंक ज्ञान केंद्र, बेंगलूरु में दो दिवसीय अखिल भारतीय वार्षिक राजभाषा समीक्षा- सह- आयोजना बैठक, 2024-25 का आयोजन किया गया. उद्घाटन सत्र के पश्चात कार्यपालकों के कर कमलों से वित्तीय वर्ष 2023-24 हेतु आंतरिक राजभाषा शील्ड एवं वित्तीय वर्ष 2024-25 हेतु सेठ सीताराम पोद्दार राजभाषा शील्ड योजना के अंतर्गत भाषयी विजेता अंचल कार्यालयों एवं विजेता क्षेत्रीय कार्यालयों के राजभाषा अधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए. समीक्षा सत्र के दूसरे दिन भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग के संयुक्त निदेशक श्री राजेश श्रीवास्तव द्वारा ऑनलाइन माध्यम से हिंदी अनुवाद टूल कंठस्थ 2.0 पर विस्तृत सत्र लिया गया. समापन सत्र में श्री नितेश रंजन, कार्यपालक निदेशक ने ऑनलाइन जुड़कर अपने सारगर्भित उद्बोधन से प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया.



अखिल भारतीय राजभाषा समीक्षा बैठक -2024

केंद्रीय कार्यालय के विभिन्न विभागों, अंचल कार्यालयों, यूनियन बैंक ज्ञान केंद्र, बेंगलूरु, क्षेत्रीय कार्यालयों एवं अंचलीय ज्ञानार्जन केंद्रों में पदस्थ बैंक के राजभाषा अधिकारियों के लिए दिनांक 4, 5 एवं 6 अप्रैल, 2024 को (तीन दिवसीय) अखिल भारतीय वार्षिक राजभाषा आयोजना सह समीक्षा बैठक 2024 का आयोजन यूनियन बैंक ज्ञान केंद्र, बेंगलूरु में किया गया.

बैंक की राजभाषा से संबन्धित ‘वार्षिक कार्य योजना 2024-25’ का ई-विमोचन तथा राजभाषा कार्यान्वयन प्रभाग द्वारा प्रकाशित विविध आयाम पुस्तक की 13वीं कड़ी में ‘अनुपालन के विविध आयाम’ पुस्तक एवं ‘यूनियन धारा’ के दिसंबर अंक का विमोचन.

बैठक के दूसरे दिन दिनांक 05.04.2024 को ‘ख’ क्षेत्र में स्थित कार्यालयों, यूबीकेसी बेंगलूरु एवं सभी ज़ेडएलसी की समीक्षा की गई. श्री अनिर्बान कुमार विश्वास, उप निदेशक, क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय (दक्षिण) गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने अपने संबोधन में नराकास के महत्व और कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला गया.

बैठक के तीसरे दिन दिनांक 06.04.2024 को प्रात: सुबह 6.30 बजे हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं लोगों में जागरूकता लाने हेतु वॉकेथान का आयोजन किया गया.

यूनियन धारा एवं यूनियन सृजन संवाददाता समीक्षा बैठक सह सम्मेलन – 2024

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की गृह पत्रिकाएं “यूनियन धारा” एवं “यूनियन सृजन” के संवाददाताओं की समीक्षा बैठक सह सम्मेलन का आयोजन दिनांक 24-25 अक्तूबर, 2024 हैदराबाद, तेलंगाना में किया गया. भारतीय परंपरा के अनुसरण में कार्यपालकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया.

द्विभाषिक गृह पत्रिका यूनियन धारा और हिंदी गृह पत्रिका यूनियन सृजन को बैंकिंग उद्योग में उच्च कोटि की गृह पत्रिकाओं के रूप में मान्यता प्राप्त है. दोनों गृह पत्रिकाओं को भारत सरकार और राष्ट्रीय स्तर के कई प्रतिष्ठित मंचों से पुरस्कार प्राप्त हुए हैं. इस गुणवत्ता को बनाए रखने की दिशा में इस वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य संवाददाताओं को पत्रकारिता और जनसंचार के जगत में हो रही नवीन गतिविधियों से अवगत कराना है तथा उसमें लेखन कौशल का विकास करना है. साथ ही समीक्षाधीन वर्ष के दौरान उत्कृष्ट कार्य निष्पादन हेतु स्टार संवाददाताओं को भी पुरस्कृत किया जाता है.

कार्यक्रम के अंतिम चरण में गृह पत्रिकाओं के 51 स्टार संवाददाताओं की घोषणा की गई और उन्हें पुरस्कृत किया गया.

यूनियन धारा एवं यूनियन सृजन संवाददाता समीक्षा बैठक सह सम्मेलन – 2023

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की गृह पत्रिकाएं “यूनियन धारा” एवं “यूनियन सृजन” के संवाददाताओं की समीक्षा बैठक सह सम्मेलन का आयोजन दिनांक 03-04 नवंबर, 2023 को श्री निधु सक्सेना, कार्यपालक निदेशक की अध्यक्षता में कोच्चि, केरल में किया गया.

गृह पत्रिकाएं स्टाफ और संस्था की अभिव्यक्ति का सबसे महत्वपूर्ण साधन होती हैं. बैंक की गृह-पत्रिका में बैंकिंग क्षेत्र तथा वैश्विक अर्थव्यवस्था से संबंधित जानकारी एवं अन्य सामान्य जानकारी प्रकाशित की जाती है. उच्च प्रबंधन द्वारा बैंक की गृह पत्रिकाओं के प्रकाशन में संवाददाताओं की भूमिका की सराहना की गई है. इसी के मान्यता स्वरूप स्टार संवाददाता पुरस्कारों की संख्या में वृद्धि की गई है. संवाददाताओं से अपेक्षा की जाती है कि वे गृह पत्रिका की गुणवत्ता में वृद्धि हेतु पूर्ण योगदान दें. गृह पत्रिका के संवाददाताओं को एक ऐसा तंत्र विकसित करना चाहिए जिसके माध्यम से स्टाफ को काम करने के लिए प्रेरित किया जा सके.

अतिथि वक्ता श्री राजेश अब्राहम, असोसिएट एडिटर, दि न्यू इंडिया एक्सप्रेस, कोच्चि ने “साहित्य सृजन और साहित्य चोरी का निवारण” विषय पर अपना वक्तव्य दिया. साथ ही उन्होंने गृह पत्रिकाओं की रूप सज्जा में निखार लाने के संबंध में अपने सुझाव दिए.

गृह पत्रिकाओं के 50 स्टार संवाददाताओं की घोषणा की गई और उन्हें पुरस्कृत किया गया. 50 स्टार संवाददाताओं के क्रम में 09 श्रेष्ठ संवाददाता, 21 स्वर्ण स्टार संवाददाताओं और 20 रजत स्टार संवाददाताओं को पुरस्कृत किया गया.

अखिल भारतीय राजभाषा समीक्षा बैठक -2022

क्षेत्रीय कार्यालय, क्षेत्र महाप्रबंधक कार्यालय, स्टाफ महाविद्यालय और स्टाफ प्रशिक्षण केंद्र में पदस्थ बैंक के राजभाषा अधिकारियों के लिए दिनांक 15, 16 एवं 17 दिसंबर, 2022 को (तीन दिवसीय) वार्षिक समीक्षा सह आयोजना बैठक 2022 का आयोजन स्टॉफ प्रशिक्षण केंद्र, हैदराबाद में किया गया.

आंतरिक राजभाषा शील्ड वित्तीय वर्ष 2021-22 हेतु योजना के अंतर्गत कुल 3 विजेता क्षेत्र महाप्रबंधक कार्यालयों एवं 9 विजेता क्षेत्रीय कार्यालयों के राजभाषा अधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए. वार्षिक कार्य योजना 2022-23 पर बैंक स्तर पर कार्यनिष्पादन तथा राजभाषा समीक्षा बैठक की प्रस्तावना मदों पर चर्चा की गई. तीसरे दिन भी जारी समीक्षा सत्र में बैंक के दृष्टि दिव्यांग साथियों हेतु “सुगम्यता एवं समावेश” विषय पर सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में आमंत्रित अतिथि संकाय, यूनियन एक्सेस टीम के श्री राहुल गंभीर, वरिष्ठ प्रबंधक द्वारा उपयोगी सत्र लिया गया। तत्पश्चात् सॉफ्ट स्किल्स पर सत्र का आयोजन किया गया जिसे बैंक के सेवानिवृत्त संकाय सदस्य श्री एसएन चारी द्वारा लिया गया.

बाद प्रबंध निदेशक एवं सीईओ महोदया सुश्री ए. मणिमेखलै द्वारा आंतरिक राजभाषा शील्ड प्रतियोगिताओं के विजेता क्षेत्र महाप्रबंधक कार्यालयों तथा क्षेत्रीय कार्यालयों के राजभाषा प्रभारियों को राजभाषा शील्ड प्रदान किए गए.

आंतरिक राजभाषा शील्ड प्रतियोगिताओं के विजेता राजभाषा प्रभारियों को राजभाषा शील्ड प्रदान करते हुए

इस अवसर पर कॉर्पोरेट हिंदी पत्रिका “यूनियन सृजन” के जुलाई-सितंबर, 2022 अंक का विमोचन किया गया.